जालंधर। पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से चलाई गई तीन डॉक्यूमेंट्री वैनों को स्थानीय रेड क्रॉस भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैनें जिले के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से अवगत करवाएंगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने मानवता, समानता, सामाजिक न्याय और विश्व भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि इन वैनों के माध्यम से गुरु जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भी उनके महान विचारों से प्रेरणा ले सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे राज्य में बड़े स्तर पर मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से पंजाब भर में विशेष डॉक्यूमेंट्री वैनें चलाई गई हैं, जो लोगों को गुरु जी के जीवन और संदेश से जोड़ने का कार्य करेंगी।
मोहिंदर भगत ने बताया कि अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित इन वैनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं समूची मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं और पंजाब सरकार इन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जालंधर जिले में आज तीन वैनों को रवाना किया गया है। ये वैनें सबसे पहले नकोदर, करतारपुर और आदमपुर सब-डिवीजनों के गांवों का दौरा करेंगी। प्रत्येक वैन प्रतिदिन दो गांवों में जाकर लोगों को यह विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाएगी।
उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लें और श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, विचारों एवं उपदेशों से प्रेरणा प्राप्त करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. वी., जिला लोक संपर्क अधिकारी अरुण चौधरी, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।