एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी पर बरसे हरपाल सिंह चीमा, कहा- केंद्र सरकार तुरंत वापस ले फैसला
चंडीगढ़, 7 जून: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले से महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजल, एलपीजी, सीएनजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण देशभर में लाखों परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक तनाव का हवाला देकर पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी को जायज़ ठहराने की कोशिश कर रही है, जबकि इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई को नियंत्रित करने और लोगों को राहत देने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।
चीमा ने कहा कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर पहले ही छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों, ढाबों और स्थानीय होटल कारोबारियों पर पड़ चुका है। अब घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने से परिवारों और छोटे कारोबारियों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ेंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों की क्रय शक्ति कमजोर हुई है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तेल एवं गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि करने के बजाय महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार से मांग की कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए और आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन और रसोई गैस की कीमतें देश के आम नागरिकों को आर्थिक तंगी की ओर धकेल रही हैं।