गौमांस के नाम पर ब्लैकमेलिंग कर 60 हजार की वसूली, जालंधर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
जालंधर: जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में गौमांस का आरोप लगाकर एक परिवार को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और जबरन पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र मिश्रा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस को दी शिकायत में कटरा मोहल्ला निवासी रुबीना ने बताया कि उनके घर में शादी समारोह था। इस दौरान परिवार बूटा मंडी क्षेत्र से करीब 15 से 20 किलो भैंस का मांस लेकर आया था। आरोप है कि इसी दौरान धर्मेंद्र मिश्रा अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और वीडियोग्राफी शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने परिवार को धमकी दी कि वे उन पर गौमांस रखने और लाने का आरोप लगाकर कानूनी कार्रवाई करवा देंगे। इसके बदले में आरोपियों ने कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और घर की एक बुजुर्ग महिला के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
पीड़ित परिवार के पास पूरी रकम न होने के कारण आरोपियों ने कथित तौर पर 60 हजार रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने की बात कही और वहां से चले गए। घटना के बाद रुबीना ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र मिश्रा सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।