जालंधर के बस स्टैंड जालंधर क्षेत्र में ऑटो चालकों द्वारा ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया, जब इलाज के लिए आए एक बुजुर्ग यात्री को ऑटो चालक ने अपना निशाना बना लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होशियारपुर से आए रिटायर्ड सूबेदार हरपाल सिंह जालंधर के नोवा अस्पताल में दवाई लेने पहुंचे थे। बस स्टैंड के बाहर उन्होंने 20 रुपये में ऑटो तय किया। ऑटो चालक ने बिना कोई शक जताए उन्हें बैठा लिया और किराया भी तुरंत नहीं लिया।
कुछ दूरी तय करने के बाद जब हरपाल सिंह ने अपनी जेब देखी, तो उनका पर्स गायब था। पीड़ित के अनुसार पर्स में नकदी के अलावा जरूरी दस्तावेज थे, जिनकी कुल कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये थी।
हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक नशे की हालत में था और ऑटो में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिससे शक और गहरा हो गया है कि यह वारदात सुनियोजित थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर दिलजीत सिंह ने बताया कि शुरुआत में मामला स्नैचिंग का लग रहा था, लेकिन जांच में यह ठगी का केस निकला।
फिलहाल पुलिस आरोपी ऑटो चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि बस स्टैंड जालंधर इलाके में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके ठोस कार्रवाई न होने से ठगों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस प्रशासन से इस क्षेत्र में सख्त निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।