जालंधर: सोढल रोड पर देर शाम उस समय दहशत फैल गई जब दो बाइकों पर सवार होकर आए छह लुटेरों ने काम से लौट रहे एक व्यक्ति को घेरकर लूट लिया। तेजधार हथियारों से लैस आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उससे नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार देसराज नामक व्यक्ति ने थाना नंबर 8 में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित ने बताया कि वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे शक हुआ कि दो बाइक सवार उसका पीछा कर रहे हैं।
देसराज के अनुसार जैसे ही वह काली माता मंदिर के पास पहुंचा और उसकी रफ्तार धीमी हुई, तभी छह लुटेरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद डर के कारण उसने नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान उन्हें सौंप दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपियों से अपना आईडी कार्ड वापस देने की भी मांग की, लेकिन आरोपी सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए Sahil Chaudhary ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल के आसपास से कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली हैं। फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।