• Wednesday, 13 May 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर में अस्पताल के बाहर फायरिंग, 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद बदमाशों ने चलाई गोलियां

13 May 2026 | 104 Views

जालंधर में अस्पताल के बाहर फायरिंग, 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद बदमाशों ने चलाई गोलियां

# जालंधर में अस्पताल के बाहर फायरिंग, 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद बदमाशों ने चलाई गोलियां

पंजाब डेस्क: जिला जालंधर के करतारपुर में बीती रात जीटी रोड सर्विस लाइन पर स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल के बाहर मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाश अस्पताल के मेन गेट के कांच के दरवाजे पर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

## सी.सी.टी.वी. में कैद हुई वारदात

अस्पताल के प्रबंधक हरमन सिंह समरा पुत्र स्वर्गीय गुरविंदर सिंह समरा ने बताया कि बीती रात करीब 12:15 बजे एक युवक अस्पताल में अंदर जाने के लिए लगाए गए कांच के गेट के पास पहुंचा और फायरिंग कर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई।

हरमन सिंह समरा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 30 अप्रैल की सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उनसे 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और रकम न देने पर गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। हालांकि उन्होंने शुरुआत में इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी।

## मोटरसाइकिल पर आए थे दोनों आरोपी

समरा के अनुसार, 11 मई की रात करीब 12:15 बजे अमृतसर की ओर से मोटरसाइकिल पर 2 युवक आए। इनमें से एक युवक बाइक से उतर गया, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल को अमृतसर की तरफ मोड़कर खड़ा रहा। इसके बाद युवक ने अस्पताल के बाहर लगे पौधों के पीछे से अस्पताल के मेन गेट पर 2 गोलियां चलाईं और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

## पुलिस जांच में जुटी

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रमनदीप सिंह ने बताया कि हरमन सिंह समरा के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Published on: 13 May 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News