जालंधर में न्यू इमेज इमिग्रेशन दफ्तर पर हंगामा, करोड़ों की ठगी के आरोप
जालंधर में स्थित न्यू इमेज इमिग्रेशन दफ्तर उस समय विवादों में घिर गया जब बड़ी संख्या में लोग दफ्तर पहुंचकर अपने पैसे वापस मांगने लगे। शिकायतकर्ताओं में समनीत सिंह, परमीत सिंह, सुखदेव सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल हैं, जिनका आरोप है कि कंपनी की मालकिन पूजा सिंह और दफ्तर में काम करने वाली कुछ कर्मचारियों ने मिलकर विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की है।
पीड़ितों का कहना है कि यूके और कनाडा के वीजा लगवाने, एम्बेसी फीस, फाइल प्रोसेसिंग और अन्य इमिग्रेशन प्रक्रियाओं के नाम पर उनसे लाखों रुपये लिए गए। आरोप है कि कई वर्षों तक दफ्तर के चक्कर लगाने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही उनकी रकम वापस की गई।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो उन्हें धमकियां दी जाने लगीं। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें कहा गया कि “जहां शिकायत करनी है कर दो, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।”
आरोपों के केंद्र में आई पूजा सिंह को लेकर लोगों का कहना है कि वह खुद को आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ बताती हैं और पार्टी के बड़े नेताओं के करीबी होने का दावा करती हैं। पीड़ितों ने सवाल उठाया है कि क्या आम आदमी पार्टी ऐसे आरोपों पर कार्रवाई करेगी या फिर मामले को नजरअंदाज किया जाएगा।
अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी है कि क्या इस मामले में जांच होगी और क्या न्यू इमेज इमिग्रेशन का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। फिलहाल मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है और पीड़ित इंसाफ की मांग कर रहे हैं।