शाहकोट के बाजवा कलां में छिंज मेले के दौरान बवाल, पहलवानों और समर्थकों में जमकर मारपीट
शाहकोट (जालंधर): जालंधर जिले के शाहकोट के नजदीकी गांव बाजवा कलां में आयोजित वार्षिक छिंज मेले के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब दो नामी पहलवानों और उनके समर्थकों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर कुर्सियों तथा लाठियों से हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कुश्ती मुकाबले बीच में ही रोकने पड़े।
जानकारी के अनुसार, गांव बाजवा कलां में बाबा सुखचैन दास जी के वार्षिक जोड़ मेले के अवसर पर ग्राम पंचायत और गांव के गणमान्य लोगों की ओर से छिंज मेले का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कुश्ती मुकाबले चल रहे थे कि एक पहलवान को रेफरी बनाए जाने पर कुछ पहलवानों और ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर मंच से इस संबंध में घोषणा भी की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घोषणा के बाद संबंधित पहलवान नाराज हो गया और अपने समर्थकों के साथ गांव ढंडोवाल के एक प्रसिद्ध पहलवान से उलझ पड़ा। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद बढ़ने के साथ दोनों पहलवानों के समर्थक भी मैदान में उतर आए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कुर्सियां और लाठियां चलने से मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हंगामे के चलते आयोजकों को कुश्ती मुकाबले रोकने पड़े। घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। फिलहाल घटना को लेकर संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।