जालंधर के अवतार नगर में डबल मर्डर, पत्नी और पिता की हत्या के बाद आरोपी फरार
जालंधर। शहर के अवतार नगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गली नंबर 7 में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान हीरा लाल के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसके चार बच्चे हैं, जो घटना के समय स्कूल गए हुए थे।
सूत्रों के मुताबिक हीरा लाल का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद उसने बैट से हमला कर अपनी पत्नी और पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब बच्चे स्कूल से वापस घर लौटे। घर के अंदर अपनी मां और दादा को खून से लथपथ पड़ा देखकर उन्होंने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वारदात के समय आरोपी की बुजुर्ग मां घर की पहली मंजिल पर मौजूद थी। बताया जा रहा है कि वह चलने-फिरने में असमर्थ है। पुलिस बुजुर्ग महिला और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।