जालंधर के कमल बिहार इलाके में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान कमल बिहार निवासी जोगिंदर पाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसका शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और शव के पास खून भी पड़ा हुआ था, जिससे घटना पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इलाके के एक व्यक्ति ने इसकी सूचना थाना बस्ती बावा खेल की उपचौकी लेंदर कॉम्प्लेक्स पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि जब लोगों ने परिवारिक सदस्यों से मौत के कारणों के बारे में पूछने की कोशिश की, तो उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है।
फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।