जालंधर: पंजाब सरकार की योजनाओं को लेकर जालंधर वेस्ट से विधायक और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने वार्ड नंबर 57 स्थित ग्रोवर कॉलोनी में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने बताया कि “मावां-धीयां सत्कार योजना” के तहत जिले की करीब 8 लाख महिलाओं को हर महीने ₹1000 से ₹1500 तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना में एस.सी. वर्ग की महिलाओं को ₹1500 और जनरल वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह देने का प्रावधान है।
मंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही, जिले में लगभग 53 थर्ड जेंडर वोटर्स को भी इस योजना के दायरे में लाने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए सेवा केंद्रों में बड़ी संख्या में लोग आवेदन कर रहे हैं और रोजाना 100 से अधिक जाति प्रमाण पत्र के आवेदन जमा हो रहे हैं।
इस दौरान मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के 4 साल पूरे होने पर विभिन्न उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों के जरिए लोगों को घर के पास मुफ्त इलाज मिल रहा है और परिवारों को ₹10 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है।
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सरकार ने सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया है और पिछले चार सालों में 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इसके अलावा, 90 प्रतिशत परिवारों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों को नहरी पानी की सुविधा भी दी जा रही है।
मंत्री ने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और नशे से प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।