जालंधर में वोटर सूचियों के विशेष पुनरीक्षण को लेकर डिप्टी कमिश्नर ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
जालंधर, 21 मई: डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारतीय चुनाव आयोग द्वारा पंजाब में शुरू की जा रही वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) प्रक्रिया संबंधी निर्देशों और समय-सारणी की जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे। ड्राफ्ट वोटर सूची 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगी, जबकि दावे और आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इनके निपटारे की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है और अंतिम वोटर सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी होगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले में इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए 1926 बी.एल.ओ., 189 सुपरवाइजर, 9 निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी और 5 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 24 जून तक बी.एल.ओ. की ट्रेनिंग और अन्य तैयारियां पूरी की जाएंगी, जबकि 24 जुलाई तक पोलिंग स्टेशनों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार किसी भी पोलिंग स्टेशन पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए 2 किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य सभी योग्य नागरिकों के नाम वोटर सूची में शामिल करना और अयोग्य व्यक्तियों के नाम हटाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. के तहत सभी मतदाताओं के लिए बी.एल.ओ. द्वारा उपलब्ध करवाए गए फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।
राजनीतिक दलों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील करते हुए उन्होंने बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए.) की नियुक्तियां जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि बी.एल.ए. की ट्रेनिंग 4 जून से 14 जून 2026 के बीच करवाई जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर, चुनाव तहसीलदार सुखदेव सिंह और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अधिक जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।