शाहकोट में 7 वर्षीय छात्र के कथित अपहरण से सनसनी, क्रेटा कार सवारों पर बच्चे को अगवा करने का आरोप
स्कूल बस का इंतजार कर रहे मासूम को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का दावा, पुलिस ने पांच लोगों पर दर्ज किया मामला
जालंधर के शाहकोट क्षेत्र के गांव बाजवा कलां में दूसरी कक्षा के सात वर्षीय छात्र के कथित अपहरण की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चे को एक क्रेटा कार में सवार लोगों ने जबरन अपने साथ ले जाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बच्चे की मां पुष्पिंदर कौर, जो सिविल अस्पताल शाहकोट में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका बेटा रोजाना की तरह सुबह करीब 7:15 बजे स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक क्रेटा कार वहां आकर रुकी। आरोप है कि कार में सवार दो पुरुषों और एक महिला ने बच्चे को जबरन वाहन में बैठाया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित मां ने इस घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश और संपत्ति विवाद को कारण बताया है। उनका आरोप है कि चंडीगढ़ स्थित उनकी करीब ढाई करोड़ रुपये की कोठी पर कब्जा करने की नीयत से उनके ससुराल पक्ष ने यह पूरी साजिश रची है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी 18 मई को उनके बेटे के अपहरण का प्रयास किया गया था। उस समय स्कूल से बच्चे को ले जाने की कोशिश की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने थाना शाहकोट में लिखित रूप से दी थी।
पुष्पिंदर कौर का आरोप है कि पूर्व शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते आरोपी इस बार अपने मंसूबे में सफल हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए मॉडल थाना शाहकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर अमन सैनी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांच व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि दो अन्य अज्ञात आरोपी हैं। उन्होंने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार के मालिक की पहचान भी कर ली गई है, जो मोहाली का रहने वाला है।
एसएचओ के अनुसार बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।