जालंधर , 24 अप्रैल
एक नर्म और हमदर्दी भरा कदम उठाते हुए, श्री निरभऊ सिंह गिल, माननीय जिला एंव सैशन जज-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी जालंधर संस्था में रहने वाले बच्चों के सांझा जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के लिए यूनिक होम, जालंधर पहुंचे।
उनके साथ श्री राहुल कुमार आज़ाद, सी.जे.एम.-कम-सेक्रेटरी, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, जालंधर भी मौजूद थे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और साथ ही कानूनी एंव सामाजिक सुरक्षा के तहत उनका कल्याण सुनिश्चित करना था।
यह दौरा जश्न के तौर पर मनाया गया, जिसमें श्री निरभऊ सिंह गिल और श्री राहुल कुमार आज़ाद ने बच्चों से बातचीत की। न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों के साथ केक काटा। यह केक उन सभी बच्चों के प्रतीकात्मक जन्मदिन के तौर पर काटा गया जिन्हें अपनी जन्म तिथि के बारे में पता नहीं है।
समारोह के दौरान श्री निरभऊ सिंह गिल ने कहा, "बच्चे हमारे भविष्य के समाज की रीढ़ की हड्डी है। यह हमारा सामूहिक नैतिक और कानूनी कर्तव्य है कि हम यह सुनिश्चित करें कि हर बच्चा, चाहे उसके हालात कुछ भी हों, स्वंय को कीमती, प्यारा और सुरक्षित महसूस करे।"
इस दौरान माननीय जिला एंव सैशन जज ने यूनिक होम में बच्चों के रहन-सहन, खुराक और शैक्षिक सुविधाओं का जायजा भी लिया।
श्री राहुल कुमार आज़ाद ने 'कानूनी सेवाएं अथॉरिटीज़ एक्ट' के तहत उपलब्ध विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि डीएलएसए मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने और केयर होम्स में रह रहे बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए वचनबद्ध है।
न्यायिक अधिकारियों ने यूनिक होम के प्रबंधकों के साथ बैठक की ताकि उनकी शिकायतों या जरूरतों को हल किया जा सके, जिनके लिए न्यायिक या प्रशासकीय हस्तक्षेप की आवश्यकता हो सकती है।
यूनिक होम के प्रबंधकों ने न्यायिक अधिकारियों को अपना कीमती समय देने के लिए आभार व्यक्त किया। ऐसे दौरे न्यायपालिका और समाज के कमजोर वर्गों के बीच पुल का काम करते है।