डेरा बाबा नानक में भाजपा नेता विजय सोनी पर जानलेवा हमला, अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग
डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर): डेरा बाबा नानक क्षेत्र में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। भाजपा के जिला ट्रेड सेल के कन्वीनर एवं डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सोनी मोहलोवाली पर देर रात अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान चलाई गई गोलियों से विजय सोनी बाल-बाल बच गए, जबकि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:40 बजे विजय सोनी अपने पेट्रोल पंप, कोटली सूरत मल्ली से कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
सूचना मिलते ही थाना कोटली सूरत मल्ली के एसएचओ गुरदर्शन सिंह कंग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्रित किए हैं तथा सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है।
भाजपा नेता विजय सोनी ने बताया कि हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, लेकिन सौभाग्य से वह सुरक्षित बच निकले। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं तथा जल्द ही आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।