ईडी दफ्तर में विधायक रमन अरोड़ा से साढ़े आठ घंटे पूछताछ, दस्तावेजों के साथ पहुंचे थे जांच में शामिल होने
जालंधर: जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा से करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद शाम करीब 7:30 बजे विधायक ईडी कार्यालय से बाहर निकले। हालांकि मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अपने बेटे राजन अरोड़ा के साथ वाहन में बैठकर वहां से रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार मामले में जमानत पर चल रहे विधायक रमन अरोड़ा को ईडी ने जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया था। विजिलेंस ब्यूरो की एफआईआर को आधार बनाकर ईडी ने धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं की जांच शुरू की है और मामले से संबंधित कुछ दस्तावेज भी मांगे थे।
इसी सिलसिले में विधायक रमन अरोड़ा निर्धारित समय पर ईडी कार्यालय पहुंचे। उनके हाथ में आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित एक फाइल भी दिखाई दी। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की और सीधे जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित हो गए।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने मामले से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य तथ्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जांच एजेंसी द्वारा जुटाए गए रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई।
गौरतलब है कि ईडी इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज एफआईआर और उससे संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित भ्रष्टाचार से जुड़े किसी भी वित्तीय लेन-देन में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधान लागू होते हैं या नहीं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और ईडी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।