• Thursday, 4 June 2026
Logo Logo
Advertisement
पंजाब के क्रिकेट इतिहास में जुड़ने जा रहा नया सुनहरा अध्याय, न्यू चंडीगढ़ में होगा पहला टेस्ट मैच

04 Jun 2026 | 74 Views

पंजाब के क्रिकेट इतिहास में जुड़ने जा रहा नया सुनहरा अध्याय, न्यू चंडीगढ़ में होगा पहला टेस्ट मैच

पंजाब के क्रिकेट इतिहास में जुड़ने जा रहा नया सुनहरा अध्याय, न्यू चंडीगढ़ में होगा पहला टेस्ट मैच

चंडीगढ़: पंजाब के खेल इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जुड़ने जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अपने पहले ऐतिहासिक टेस्ट मैच की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 से 10 जून तक खेला जाएगा, जो इस आधुनिक स्टेडियम का पहला टेस्ट मैच होगा।

पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि मैच के आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक और खेल संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मुकाबला पंजाब में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देगा और प्रदेश की खेल पहचान को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा।

इस मुकाबले के साथ न्यू चंडीगढ़ पंजाब का तीसरा ऐसा क्रिकेट केंद्र बन जाएगा, जिसे टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी का गौरव प्राप्त होगा। इससे पहले जालंधर के बर्ल्टन पार्क और मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में टेस्ट मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। मुल्लानपुर स्थित यह स्टेडियम अब भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बनने जा रहा है।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी टिकटों की कीमतों को लेकर आई है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सामान्य दर्शकों के लिए टिकट मात्र 250 रुपये से उपलब्ध हैं और एक टिकट पूरे पांच दिनों के खेल के लिए मान्य रहेगा। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री भी शुरू हो चुकी है।

मुकाबले को लेकर दोनों टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय टीम और अफगानिस्तान की टीम न्यू चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं तथा अभ्यास सत्रों में हिस्सा ले रही हैं।

पंजाब के लोगों के लिए यह मैच भावनात्मक रूप से भी बेहद खास होगा क्योंकि भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी पंजाब के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल कर रहे हैं। पहली बार पंजाब के क्रिकेट प्रशंसकों को अपने ही राज्य के स्टेडियम में पंजाब के बेटे को भारतीय टेस्ट टीम का नेतृत्व करते हुए देखने का अवसर मिलेगा। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला जहां जीत हासिल करने का मौका होगा, वहीं पंजाब के क्रिकेट इतिहास में भी यह मैच एक यादगार उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।

Published on: 04 Jun 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News