फिल्म ‘सतलुज’ के समर्थन में सामने आए के.एस. मक्खन, गांव शंकर में स्पेशल स्क्रीनिंग का किया ऐलान
जालंधर। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता के.एस. मक्खन ने फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो में उन्होंने अपने पैतृक गांव शंकर में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने की घोषणा की।
के.एस. मक्खन ने बताया कि फिल्म ‘सतलुज’ का प्रदर्शन 13 जुलाई की रात 8 बजे गांव शंकर के पट्टी तक्खर क्षेत्र में किया जाएगा। उन्होंने गांव शंकर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर फिल्म देखें और इस पहल का हिस्सा बनें।
मक्खन ने कहा कि फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने का अवसर नहीं मिला, जिसके चलते अब इसे पंजाब के विभिन्न गांवों, गुरुद्वारों और अन्य खुले स्थानों पर दिखाया जा रहा है। उन्होंने फिल्म के निर्माता-निर्देशक दलजीत और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म का विषय बेहद प्रभावशाली और विचारोत्तेजक है।
अपने संदेश में के.एस. मक्खन ने कहा कि ‘सतलुज’ किसी राजनीतिक विचारधारा का प्रचार नहीं करती, बल्कि यह दर्शाती है कि किस तरह सच की आवाज को दबाने और वास्तविक तथ्यों को सामने आने से रोकने की कोशिश की गई। उनके अनुसार, फिल्म समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाती है और लोगों को सोचने पर मजबूर करती है।
उन्होंने पंजाब के युवाओं से विशेष रूप से फिल्म देखने और जागरूकता के इस अभियान का समर्थन करने की अपील की। मक्खन ने कहा कि युवाओं को सामाजिक और ऐतिहासिक विषयों को समझने के लिए ऐसी फिल्मों से जुड़ना चाहिए।
वीडियो संदेश के अंत में के.एस. मक्खन ने पूरे उत्साह के साथ “पंजाब जिंदाबाद” का नारा लगाया और लोगों से फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल होने का आह्वान किया।