जालंधर में कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने का दावा, पुलिस ने दी सुरक्षा
जालंधर। शहर में कारोबारियों को मिल रही धमकियों के बीच बस्ती अड्डा चौक से फुटबॉल चौक जाने वाली सड़क पर स्थित कर्मा फैशन स्टूडियो के मालिक को कथित तौर पर विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है, जिसके बाद स्टूडियो के बाहर सुरक्षा तैनात कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6:18 बजे एक विदेशी नंबर से स्टूडियो मालिक शेखर कुमार के मोबाइल पर कॉल आई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद कॉल उनकी बुजुर्ग मां के नंबर पर की गई। बातचीत स्पष्ट न होने के बाद खुद को गैंगस्टर डोनी बल का छोटा भाई बताने वाले एकम नामक व्यक्ति ने शोरूम के नंबर पर संपर्क किया और शेखर तक 50 लाख रुपये पहुंचाने का संदेश देने की बात कही। साथ ही पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
परिवार का कहना है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने बातचीत के दौरान चावला मोबाइल हाउस का भी जिक्र किया। घटना की जानकारी मिलते ही शेखर कुमार ने डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों को सूचित किया। सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे के भीतर ही पुलिस ने स्टूडियो के बाहर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 71 दर्ज कर ली है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 7:20 बजे दोबारा शेखर कुमार की मां के फोन पर कॉल कर 50 लाख रुपये की मांग दोहराई गई। इसके बाद परिवार ने फिर से पुलिस अधिकारियों को सूचित किया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले भी लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर उनसे रंगदारी मांगी गई थी। उस समय स्टूडियो के बाहर धमकी भरा पत्र और गोली मिलने का मामला सामने आया था। हालांकि पुलिस जांच में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था और उनका किसी गैंगस्टर से सीधा संबंध नहीं पाया गया था।
हाल के महीनों में किशनपुरा रोड स्थित बीएमएस फैशन और चावला मोबाइल हाउस पर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन मामलों में भी कारोबारियों को पहले कथित तौर पर धमकी भरे कॉल मिलने की बात कही गई थी। इसी कारण शहर के व्यापारी वर्ग में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
परिवार ने आशंका जताई है कि भविष्य में यदि सुरक्षा हटा ली गई तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। उनका कहना है कि वे लगातार डर के माहौल में रह रहे हैं और पुलिस सुरक्षा बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।
बताया गया है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की ओर से एक रिकॉर्डेड वॉयस मैसेज भी भेजा गया, जिसमें 50 लाख रुपये देने और अन्यथा नुकसान उठाने की चेतावनी दी गई। फिलहाल पुलिस कॉल की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।