कचहरी चौक के पास संदिग्ध युवक का हंगामा, पुलिस पूछताछ के दौरान गला घोंटने की कोशिश
जालंधर। कचहरी चौक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक ने पुलिस पूछताछ के दौरान हंगामा कर दिया। युवक ने कथित तौर पर अपने गले में परना डालकर खुद का गला घोंटने की कोशिश की। पुलिस कर्मियों द्वारा रोकने पर उसने विरोध किया, जिससे एक पुलिसकर्मी की वर्दी का बैज भी उतर गया।
पुलिस कर्मियों के अनुसार वे नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान कचहरी चौक के निकट एक युवक सड़क पर कुछ तलाश करता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वाहन रोककर उस पर नजर रखनी शुरू कर दी।
जब पुलिस टीम युवक के पास पहुंची तो उससे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई वैध आईडी प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह पुडा कॉम्प्लेक्स में काम करता है।
पुलिस उसके दावे की पुष्टि करने के लिए उसे पुडा कॉम्प्लेक्स लेकर गई। आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अपने गले में परना डाल लिया और खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
पुलिस कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान युवक ने हाथ-पैर चलाने शुरू कर दिए, जिससे पुलिसकर्मी कमलजीत सिंह की वर्दी का बैज उतर गया।
घटना के बाद युवक को थाना नई बारादरी ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान व उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।