न्यू रतन नगर में देर रात शरारती तत्वों का आतंक, कई कारों के शीशे तोड़े
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की
शहर के न्यू रतन नगर इलाके में देर रात दो शरारती युवकों ने गली में खड़ी कई कारों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए। आरोपियों की यह पूरी करतूत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात दो युवक गली में पहुंचे और किसी तेजधार हथियार की मदद से वहां खड़ी चार से पांच कारों के शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह जब वाहन मालिक अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे हुए देखे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक कारों के शीशे तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना तुरंत बस्ती बाबा खेल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इलाका निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।