श्री गुरु रविदास चौक के पास इनोवा-स्कोडा में भीषण टक्कर, दो घायल
शहर के श्री गुरु रविदास चौक के निकट सोमवार को इनोवा और स्कोडा कार के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में इनोवा सवार दो व्यक्तियों के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्कोडा कार चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था और गलत दिशा से तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद चालक जब वाहन से बाहर निकला तो वह अपना संतुलन नहीं बना सका और सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
एक चश्मदीद ने बताया कि वह मैब्रो चौक से श्री गुरु रविदास चौक की ओर जा रहा था। इस मार्ग पर प्रशासन द्वारा यू-टर्न और लेन परिवर्तन के लिए एक बड़ा कट बनाया गया है, लेकिन वहां पर्याप्त दिशा-निर्देश या सूचना बोर्ड नहीं लगे हैं। ऐसे में बाहरी वाहन चालकों को सही लेन की जानकारी न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और नजदीकी पेट्रोल पंप की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।