ट्रांसफार्मर पर जम्पर गिरने से खेत में फैला करंट, किसान की मौत
खेतों में धान लगाने के लिए जमीन तैयार कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रांसफार्मर पर बिजली लाइन का जम्पर टूटकर गिर गया, जिससे खेत में भरे पानी में करंट फैल गया और किसान उसकी चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, सुखविंदर सिंह (66) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी मेहराजवाला (हाल निवासी पड्डा कॉलोनी, लोहियां खास), अपने खेत में धान की बुआई की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह खेत में लगे ट्रांसफार्मर के नीचे जमा पानी में से घास-फूस निकाल रहा था। इसी दौरान नजदीक से गुजर रही बिजली लाइन का जम्पर अचानक टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया।
जम्पर गिरते ही ट्रांसफार्मर और खेत में खड़े पानी में तेज करंट फैल गया, जिससे सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पास के खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने किसान को खेत में गिरा देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर उसका भाई कश्मीर सिंह, पड़ोसी और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान को पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक के बच्चे और भाई अमेरिका में रहते हैं। उनके मंगलवार को पहुंचने के बाद ही सुखविंदर सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।