• Friday, 31 July 2026
Logo Logo
Advertisement
आवारा कुत्तों के हमले से मां-बेटा घायल, सीसीटीवी वीडियो आया सामने

31 Jul 2026 | 18 Views

आवारा कुत्तों के हमले से मां-बेटा घायल, सीसीटीवी वीडियो आया सामने

आवारा कुत्तों के हमले से मां-बेटा घायल, सीसीटीवी वीडियो आया सामने

शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर न्यू कमल विहार में एक महिला अपने नर्सरी में पढ़ने वाले बेटे को स्कूल से लेकर स्कूटी पर घर लौट रही थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही महिला अपने बेटे के साथ स्कूटी पर कॉलोनी से गुजर रही थी, तभी अचानक कई आवारा कुत्ते उनके पीछे दौड़ पड़े। कुत्तों से बचने के प्रयास में महिला ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन घबराहट के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी एक दीवार से टकराकर सड़क पर गिर गई।

हादसे में मां और बेटा दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर में आई चोट का उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और रोष का माहौल है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि न्यू कमल विहार और आसपास के क्षेत्रों में 30 से अधिक आवारा कुत्ते घूमते हैं, जो आए दिन राहगीरों और बच्चों पर हमला करते हैं। लोगों ने नगर निगम से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

उधर, सिविल अस्पताल की एंटी-रेबीज वैक्सीन ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 140 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें 25 से 30 नए डॉग बाइट के मामले शामिल होते हैं, जो शहर में बढ़ती समस्या की गंभीरता को दर्शाते हैं।

सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए बनाए जा रहे डॉग पाउंड में नए केनल निर्माण का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार को पहले दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। स्थिति को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने अब ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी कर दिया है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि डॉग पाउंड का निर्माण पूरा होने के बाद आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

Published on: 31 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News