ट्रक और एक्टिवा की टक्कर में मासूम बच्ची की मौत, मां घायल
गोराया के निकट हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक और एक्टिवा की टक्कर से एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें डिवाइस के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां एक ट्रक और एक्टिवा के बीच टक्कर हुई थी।
जानकारी के अनुसार वंदना पत्नी राजीव अपने बेटे आरुष और बेटी निताशा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर गांव पतारा (रामा मंडी) से लुधियाना जा रही थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में निताशा पुत्री राजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां वंदना घायल हो गई। घटना के बाद एसएसएफ टीम ने परिवार को संभालते हुए उन्हें प्राथमिक सहायता प्रदान की और पानी पिलाया।
इसके साथ ही गोराया थाना पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर ड्यूटी अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक बच्ची के शव को पुलिस की मौजूदगी में एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।