विदेश में बैठे आतंकी के इशारे पर टार्गेट किलिंग की साजिश नाकाम, दो युवक गिरफ्तार
जालंधर। सी.आई.ए. स्टाफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकोदर क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार कर कथित टार्गेट किलिंग की साजिश को नाकाम कर दिया है। आरोप है कि दोनों युवक विदेश में बैठे एक आतंकी के संपर्क में थे और उन्हें एक व्यक्ति की हत्या करने का जिम्मा सौंपा गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की दो पिस्तौलें और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
सी.आई.ए. स्टाफ के प्रभारी सुरिंदर कुमार कंबोज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नकोदर के दो युवक विदेश में बैठे एक आतंकी के संपर्क में हैं। उन्हें कथित तौर पर फिरौती के लिए धमकियां देने, लोगों की रेकी करने और गंभीर वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार किया जा रहा था।
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों को जिले के एक व्यक्ति की हत्या करने का लक्ष्य दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक संबंधित व्यक्ति की रेकी कर चुके थे और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी मकसूदां चौक के आसपास मौजूद हैं। इसके बाद सी.आई.ए. टीम ने इलाके में जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पुत्र जगदीश कुमार तथा मानवजीत सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी मुज्जफरापुर, नकोदर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 बोर की दो पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे आतंकी के संपर्क में आए थे। हालांकि जांच के हित में पुलिस ने फिलहाल उस आतंकी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा उन्हें हथियार और अन्य संसाधन कहां से उपलब्ध कराए गए।